
इटारसी / आधुनिक तकनीक और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इटारसी में एक विशेष तकनीकी जागरूकता अभियान का आगाज होने जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, नई दिल्ली के सहयोग एवं आईसेक्ट (AISECT) भोपाल के तत्वावधान में आयोजित “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विकास यात्रा रथ” 15 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे स्थानीय रानी अवंती हायर सेकंडरी स्कूल पहुंचा।
इस महत्वपूर्ण यात्रा का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि पंकज चौरे (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, इटारसी) एवं विशिष्ट अतिथि निर्मल सिंह राजपूत (उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद) द्वारा किया गया। इस आयोजन के माध्यम से शहर के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को वर्तमान युग की सबसे प्रभावशाली तकनीक ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के लाभ और इसके भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से और पूरी तरह नि:शुल्क जानकारी प्रदान की जाएगी। इस यात्रा के सफल संचालन में स्किल नॉलेज प्रोवाइडर संस्था लाइफ लाइन इंस्टिट्यूट इटारसी, आईसेक्ट, रवींद्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी व स्कोप ग्लोबल स्किल यूनिवर्सिटी भोपाल के समन्वयक और विशेषज्ञ अपना विशेष सहयोग प्रदान करेंगे। आयोजकों का उद्देश्य इस रथ के माध्यम से विद्यार्थियों को कौशल विकास (Skill Development) से जोड़ना और उन्हें डिजिटल युग की चुनौतियों व अवसरों के लिए तैयार करना है।
नगर के सभी विद्यार्थियों और शैक्षणिक संस्थानों से आग्रह किया गया है कि वे इस ‘कौशल रथ’ का हिस्सा बनकर तकनीकी ज्ञान की इस धारा का लाभ उठाएं।

