


सिवनी मालवा / मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 16 अप्रैल 2026 को सिवनी मालवा आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे बड़ी नहर के पास बनाए गए हेलिपैड पर उतरेंगे, जिसके बाद हनुमान मंदिर से लेकर पत्थर पुल तक भव्य रोड शो निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पूरे नगर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। रोड शो के दौरान 5 क्विंटल फूलों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। नगर के 2 दर्जन से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जा रहे हैं, जहां ढोल-नगाड़ों और बड़ी फूलमालाओं से मुख्यमंत्री का वंदन-अभिनंदन किया जाएगा। विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा अभिनंदन पत्र भी भेंट किए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश “रिंकू” जैन लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने बड़ी नहर के पास बनाए जा रहे हेलिपैड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारियों की बैठक लेकर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और मार्ग सजावट सहित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर में हनुमान मंदिर से पत्थर पुल तक पूरे मार्ग को झालर, झंडियों और आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के स्वागत में कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और विकास कार्य भी तेज किए गए हैं। डोलरिया गैस प्लांट से नर्मदापुरम होते हुए टिमरनी तक सड़क के 10 मीटर चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री खुली जीप में जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। पांच स्थानों पर तुलादान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाएं, किसान और आमजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम के अंत में मंडी परिसर में आमसभा आयोजित की जाएगी, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर में उत्साह चरम पर है और पूरे शहर में ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

