
सिवनी मालवा / संत शिरोमणि सेन जी महाराज की जयंती के पावन अवसर पर सेन समाज द्वारा एक भव्य, ऐतिहासिक और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। तय कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा निर्धारित स्थान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक, जय स्तंभ चौक, पत्थरों पुल, कुसुम कॉलेज के सामने सहित अनेक मार्गों से होती हुई पूरे शहर में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बनाती रही।
शोभायात्रा में सेन समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। विशेष रूप से मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन की विशेष पहचान रही। शोभायात्रा में बालिकाओं द्वारा सुंदर झांकियां प्रस्तुत की गईं, वहीं कई बालिकाएं घोड़ों पर सवार होकर आकर्षक वेशभूषा में शामिल हुईं, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके साथ ही घोड़ा-बग्गी, डीजे, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों की धुनों के बीच श्रद्धालु उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल रहे।
शोभायात्रा की विशेष झांकियां और बड़े आकर्षक स्वरूप के वाहन लोगों के लिए देखने योग्य दृश्य बने रहे। कई स्थानों पर आतिशबाजी और पटाखों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय बन गया।
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सेन समाज की शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस कमेटी द्वारा जय स्तंभ चौक पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया, वहीं गांधी चौक पर भी समाजजनों द्वारा स्वागत किया गया। इसके अलावा नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा की ओर से भी शोभायात्रा का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। पत्थरों पुल, कुसुम कॉलेज के सामने सहित शहर के अनेक स्थानों पर विभिन्न समाजों के अध्यक्षों, वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा फूलमालाओं से स्वागत किया गया तथा कई स्थानों पर जलपान और शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई।
समाजसेवी ईश्वर जमींदार द्वारा सेन समाज की शोभायात्रा का नींबू पानी पिलाकर स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में नागरिकों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया।
शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे विष्णु प्रसाद गहलोत, अध्यक्ष सैलून एसोसिएशन सिवनी मालवा, ने बताया कि सेन समाज आज एकजुट होकर अपने आराध्य संत शिरोमणि सेन जी महाराज की जयंती बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मना रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सेन समाज हमेशा से समाज सेवा, मेहनत और ईमानदारी की परंपरा को आगे बढ़ाता रहा है। आज का यह आयोजन केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। सेन समाज आज पूरे उत्साह के साथ अपने आराध्य संत के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है और समाज की नई पीढ़ी को संस्कार और शिक्षा की ओर प्रेरित कर रहा है।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं, समाजजनों और शहरवासियों का उत्साह देखने योग्य रहा तथा सिवनी मालवा नगर में दिन भर भक्तिमय और उत्सव का माहौल बना रहा।

