

नर्मदापुरम / केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्रतिनिधि मंडल की मुलाकात, पायलट प्रोजेक्ट को बिना रुकावट आगे बढ़ाने पर जोर। केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित दलहन उपार्जन पायलट प्रोजेक्ट को लेकर सामने आ रही समस्याओं के समाधान हेतु आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं नीतिगत पहल देखने को मिली।
शिवराज सिंह चौहान (कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार) से रिद्धि सिद्धि कृषि प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। इस मुलाकात में उपभोक्ता मामले विभाग, भारत सरकार एवं नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया (NCCF) से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित दलहन उपार्जन कार्य में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को विस्तार से सामने रखा। खासकर खरीद प्रक्रिया, लॉजिस्टिक्स और क्रियान्वयन स्तर पर उत्पन्न हो रही बाधाओं को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इस पायलट प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए राज्य स्तर पर भी समन्वय को और मजबूत किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए कि जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का समय पर और उचित लाभ मिल सके। इस निर्णय से किसानों के बीच एक सकारात्मक संदेश गया है कि सरकार न केवल योजनाएं बनाती है, बल्कि उनके क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए भी सक्रिय है। किसान संगठनों और प्रतिनिधि मंडल ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में दलहन उपार्जन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी, तेज और लाभकारी बनेगी।

