

सिवनी मालवा / सिवनी मालवा नगर में 16 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशाल जनसभा एवं रोड शो कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से व्यापक निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा, पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने कृषि उपज मंडी बानापुरा पहुंचकर सभा स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड के लिए चिन्हित स्थान का बारीकी से जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही कुसुम महाविद्यालय के पीछे प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला बाल विकास अधिकारी सुचित्रा राजावत, पशु चिकित्सक उत्कर्ष भारद्वाज, कृषि अधिकारी संजय पाठक एवं आबकारी अधिकारी हेमंत चौकसे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा, आवागमन और तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रोड शो को लेकर भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पैदल निरीक्षण किया गया। प्रस्तावित रोड शो हरदा नाके स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर रेंज ऑफिस चौराहा, कल्लू चौक, नर्मदा मंदिर चौक, सराफा बाजार, गांधी चौक, जय स्तंभ चौक, पुराना बस स्टैंड होते हुए नए बस स्टैंड तक आयोजित किया जाएगा। इस पूरे मार्ग का पैदल निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं आमजन की सुविधाओं का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा, जिला पंचायत सीईओ, एसडीओपी, थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर, नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह उइके, नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला, पार्षद दीपक बाथव, भाजपा नेता तुलसीराम कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात शासकीय कुसुम महाविद्यालय में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में प्रत्येक विभाग को उसकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंपी गईं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। साथ ही कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार, ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों की सुगम आवाजाही तथा महिला, बुजुर्ग और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी का प्रयास है कि कार्यक्रम भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक बने। इसके लिए प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से कार्य करने की बात कही।

