

नर्मदापुरम / प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “गांव चलो अभियान” के अंतर्गत जिले में भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितेषी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीती शुक्ला के नेतृत्व में ग्राम रावण पीपल, फरीदपुर एवं अमलाड़ा काला में अभियान चलाया गया, जहां भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी। जिला अध्यक्ष प्रीती शुक्ला ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों का समग्र विकास और आमजन का जीवन स्तर बेहतर बनाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा जिन लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, वे भाजपा कार्यकर्ताओं से संपर्क करें ताकि उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा सके। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में जिला मंत्री जितेंद्र राजपूत ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने विकास को गति दी है और गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है। अभियान के दौरान मंडल अध्यक्ष शिवपुर धर्मेंद्र गुजर, वरिष्ठ कार्यकर्ता संदीप तंवर, मस्तान साद, सज्जन पटेल, संतोष गुजर, जगदीश लोवंशी, वसंत राजपूत सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार की योजनाओं के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। भाजपा का “गांव चलो अभियान” जिले में लगातार जारी है, जिसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और आमजन को योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

