
इटारसी / शहर के न्यास के अंतिम छोर पर स्थित लगभग 15–20 फीट गहरा खुला सीवेज टैंक क्षेत्रवासियों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। यह टैंक पूरी तरह खुला पड़ा है, जिसमें गंदगी और कचरा जमा है। मौके पर देखा गया कि इस खुले सीवेज के कारण आसपास तेज बदबू फैल रही है, मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह जगह आबादी के बीच में है, जहां से लोगों का रोजाना आना-जाना होता है। ऐसे में बच्चों के गिरने का खतरा, साथ ही गाय और अन्य जानवरों के गिरने की आशंका लगातार बनी हुई है। पहले जो पानी की पाइपलाइन इस गंदे सीवेज के अंदर से गुजर रही थी, उसे अब सिद्धार्थ महेश आर्य की पहल से शिफ्ट करवा दिया गया है, जिससे एक बड़ी समस्या का समाधान हुआ है। लेकिन इसके बावजूद टैंक को सुरक्षित करने के लिए कवर लगाना अभी भी बाकी है। अब क्षेत्रवासियों की सीधी मांग है कि इस खुले सीवेज टैंक को जल्द से जल्द कवर किया जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके और क्षेत्र में स्वच्छता व सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

