

सिवनी मालवा / जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मप्र जन अभियान परिषद द्वारा सघन अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत नगर में स्थित आस्था के केंद्र श्री राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर परिसर में युवा समाजसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। मंदिर परिसर के अंदर स्वच्छता संबंधी कार्य किए। पन्नी, पॉलिथीन डिस्पोजल आयटम के साथ कचरा एकत्रित करके सफाई की एवं स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। परिषद के विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने पर्यावरण संरक्षण में स्वच्छता के महत्व को बताया। आपने डिस्पोजल एवं पॉलीथिन सामग्री का प्रयोग न करने की सीख देते हुए सभी को वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया। मंदिर के ठीक सामने वर्षों पुराना कुआ है। इस कुए की विधिवत पूजा अर्चना की गई। शिक्षा विभाग से बीआरसी संगीता यादव ने मानव सभ्यता के विकास में कुए व अन्य जल स्रोतों का महत्व बताकर इनका संरक्षण करने, स्वच्छता बनाए रखने और इनकी पूजा अर्चना करने का संदेश दिया। आपने कहा कि हमारे देश में नदियों को मां मानते हैं और इसी तरह जल हमारी आस्था से जुड़ा है। हमारे आसपास के जल स्त्रोतों के संरक्षण के लिए कार्य करें ताकि भविष्य में हम जल संकट से बच सकें। मंदिर परिसर के बगीचे में ही वर्षों पुराना एक छोटा तालाब भी है जिसमें विगत सप्ताह परिषद के युवा समाजसेवियों ने ही जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सफाई कार्य किया था। परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने बताया कि हम सबको मिलकर इस तालाब को सुंदर और दर्शनीय बनाना है ताकि समाज के अन्य लोग भी इससे प्रेरणा ले सकें। तालाब के समीप सभी ने जल एवं जल स्रोतों के संरक्षण की शपथ ली। पत्रकार राजा तिवारी ने सभी से अपील की कि हम हमारे व्यक्तिगत जीवन में भी आदतों को सुधारें ताकि हम छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ी मात्रा में जल का संरक्षण कर सकें। इस दौरान नगर विकास प्रस्फुटन समिति से राहुल बाथव, निशा मोहनिया, संगीता छायला, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी सोनम हरियाले, शरद घावरी, मीनाक्षी सोनी, प्रभा लोवंशी, हेमप्रभा सोनी, शिवानी भिलाला, समाजसेवी गोविंद लोवंशी, हृदय विश्नोई, रूद्र व अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

