

सिवनी मालवा / मप्र जन अभियान परिषद द्वारा समाज कार्य के विद्यार्थियों लिए संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की कक्षा में जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। परिषद के जिला समन्वयक पवन सहगल ने कक्षा में मार्गदर्शन दिया। आपने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने प्रयोगशाला ग्राम में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नियमित गतिविधियां आयोजित करनी है। मप्र सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जल संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय एवं सराहनीय कार्य है। इसमें हम सबको मिलकर सहभागिता सुनिश्चित करना है। हमारे सामूहिक प्रयास से जल स्त्रोत स्वच्छ होंगे, जल संरक्षण की दिशा में समाज में जागरूकता आएगी और जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हम परिवर्तन ला पाएंगे। आपने परामर्शदाताओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि विद्यार्थियों, समितियों और संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करके समाज में ज्यादा से ज्यादा गतिविधियां आयोजित करें। विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने आगामी कार्य योजना पर चर्चा करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा सकने वाली गतिविधियों को विस्तार से बताया। जिला समन्वयक ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोली का अवलोकन कर कलाकारों को शुभकामनाएं दी। अंत में सभी ने जल संरक्षण करने तथा इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, रघुवीर मालवीय, सेवनदास लौवंशी, नेहा यादव, श्यामा रघुवंशी व बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थित रही।

