नर्मदापुरम / शासकीय गृह विज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में दिनांक 4 अप्रैल 2026 को माखनलाल चतुर्वेदी के जन्म जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया । 29 मार्च से आयोजित हिंदी विभाग के कार्यक्रम की संख्या श्रृंखला का समापन 4 अप्रैल को माखन दादा के चित्र के समक्ष माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के पुरोधा राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी को शत-शत नमन है। पुष्प की अभिलाषा कविता जनमानस के हृदय पटल पर अंकित है। माखनलाल चतुर्वेदी ने देशभक्ति से ओत प्रोत कई कविताएं लिखी जिसके कारण उन्हें जेल यात्रा भी करनी पड़ी है । हम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में माखनलाल चतुर्वेदी को याद कर रहे हैं एवं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहे हैं। हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा दुबे ने माखनलाल चतुर्वेदी की कृतियों से छात्राओं को अवगत कराया और कहा कि राष्ट्रकवि की रचनाएं स्वतंत्रता आंदोलन में युवाओं में नए जोश का संचरण करती थी। डॉ. श्रुति गोखले ने माखनलाल चतुर्वेदी द्वारा संपादित विभिन्न पत्र पत्रिकाओं की जानकारी छात्राओं से साझा की एवं उनके साहित्य के अध्ययन हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर सुश्री काजल बाथरे, डॉ. कीर्ति दीक्षित, डॉ. नारायण सिंह उपरेलिया एवं हिंदी विभाग की छात्राएं उपस्थित रही।

