

नर्मदापुरम / कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा का देर रात सिवनी मालवा में पटेल निवास पर आगमन हुआ, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा शासन में यदि सबसे अधिक किसी वर्ग पर अत्याचार हो रहे हैं, तो वह किसान पर हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कृषि कैबिनेट और अलग कृषि बजट का वादा किया गया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा घोषित “कृषि कल्याण वर्ष” पर भी सवाल उठाते हुए इसे किसानों के साथ विश्वासघात बताया। पटवारी ने कहा कि किसानों की फसलें खरीदने की जिम्मेदारी सरकार की है,ओर किसानों की फसलों को ऊपर बैठे भाजपा के देवों को भी खरीदना ही पड़ेगा। वहीं कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सिवनी मालवा आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि हमारे ऐसे सक्रिय प्रदेश अध्यक्ष, जो दिन-रात का भेद नहीं करते हैं और कार्यकर्ताओं के बीच रहते हैं, संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं। दीपक दीक्षित ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ओर सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सामने सिवनी मालवा के सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने और जनता के हक के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।

