

इटारसी / नगर पालिका परिषद इटारसी के अंतर्गत न्यास क्षेत्र सहित शहर के कई इलाकों में पानी की पाइपलाइन लीकेज की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। पिछले तीन महीनों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर पालिका द्वारा अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। फरवरी माह में पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़कों पर पानी भरने की स्थिति बनी थी। मार्च में यह समस्या और बढ़ गई, जहां गंदा पानी, कचरा और कीचड़ सड़कों पर फैल गया। अप्रैल माह में भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है और कई स्थानों पर पानी जमा होने से मच्छरों और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
जल संकट के बीच हो रही बर्बादी……
1 अप्रैल 2026 को न्यास सहित इटारसी के कई क्षेत्रों में पानी की मोटर जल जाने के कारण शहर में पानी की भारी कमी हो गई। ऐसे समय में, जब नागरिकों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन लीकेज के कारण हजारों लीटर पानी सड़कों और नालियों में बह रहा है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
टेंडर के बावजूद काम शुरू नहीं……
नगर पालिका द्वारा पाइपलाइन सुधार के लिए Tender ID: 2026_UAD_475517_1 जारी किया गया था, जिसकी तकनीकी स्वीकृति 09 फरवरी 2026 को हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जिससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायतें लेकिन समाधान नहीं….
इस संबंध में SDM, कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है। अधिवक्ता संघ द्वारा भी पाइपलाइन बदलने की मांग की गई, लेकिन नगर पालिका की ओर से केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है कि “जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।
अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य का बयान……
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि एक ओर शहर पानी की कमी से जूझ रहा है और दूसरी ओर हजारों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा है। नगर पालिका द्वारा टेंडर जारी किए जाने के बावजूद काम का शुरू न होना साफ तौर पर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो यह आने वाले समय में एक बड़े स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है। ‘जल है तो कल है’ और ‘पानी है तो जीवन है’ जैसे नारे तभी सार्थक होंगे, जब जमीनी स्तर पर कार्य दिखाई देगा।
जनता की मांग…..
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पाइपलाइन लीकेज की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, पुरानी पाइपलाइन को बदला जाए और पानी की बर्बादी को रोका जाए।

