
सिवनी मालवा / दिनांक 03 अप्रैल 2026 शुक्रवार को ग्राम पंचायत भैरोपुर (सेक्टर क्रमांक 05) में लक्ष्मी समाज कल्याण समिति द्वारा जल शक्ति से नव भक्ति अभियान के अंतर्गत जल मंदिर की स्थापना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनसमूह को बताया गया कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है, ऐसे में जल का संरक्षण एवं सही प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। जल मंदिर की स्थापना से न केवल जल के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि यह लोगों को जल बचाने और उसके सही उपयोग के लिए प्रेरित भी करता है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल की एक-एक बूंद के महत्व के बारे में समझाया गया तथा जल को व्यर्थ न बहाने, वर्षा जल संचयन अपनाने और स्वच्छ जल बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी को यह संकल्प दिलाया गया कि वे अपने दैनिक जीवन में जल संरक्षण के उपायों को अपनाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिससे पूरे ग्राम में एक सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ। इस अवसर पर लक्ष्मी समाज कल्याण समिति की अध्यक्ष सुगना लोवंशी, सदस्य यश लोवंशी, उर्मिला लोवंशी, बंधना लोवंशी एवं अन्य कई सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम के नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं युवा साथी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और इस पहल को सफल बनाया।

