
सिवनी मालवा / नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष एवं सिवनी मालवा से कांग्रेस के विधायक प्रत्याशी रहे अजय पटेल ने क्षेत्र में लगातार बनी हुई बिजली समस्या और किसानों की परेशानियों को लेकर विद्युत केंद्र सिवनी मालवा पहुंचकर बिजली विभाग के ए ई एवं संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज की समस्या तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होने की स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया। अजय पटेल ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और आम जनता को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि किसानों को निर्धारित समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को सुचारू किया जाए। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अजय पटेल ने कहा कि यदि शीघ्र ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो किसानों और आम जनता के हित में आगे आंदोलन किया जाएगा।

