

सिवनी मालवा / ग्राम पगढाल में बिजली आपूर्ति की समस्या से परेशान किसानों ने हरदा-नर्मदापुरम मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। यह जाम करीब घंटो तक चला, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।किसानों का कहना था कि वर्तमान समय में मूंग की बोनी का कार्य चल रहा है, ऐसे में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई कार्य बाधित होने से फसल प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारी रात करीब 2:30 बजे पगढाल पहुंचे, जहां सड़क पर बैठे सैकड़ो किसानों से चर्चा की। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें रोजाना तय समय अनुसार कृषि फीडर में विद्युत सप्लाई दी जाएगी। साथ ही मौके पर ही फीडर की विद्युत आपूर्ति भी शुरू करवाई गई। विद्युत विभाग के अधिकारी एवं नायब तहसीलदार ने किसानों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी और समय सारणी के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। आश्वासन के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त कर मार्ग से हटते हुए आवागमन बहाल किया।

