
नर्मदापुरम / किसानो की गेहूं फसलों की एमएसपी पर खरीदी की बार बार बढ़ाई गई तारीखों को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय व नर्मदापुरम जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर केंद्र और प्रदेश भाजपा सरकार को घेरा।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने बयान में कहा कि गेहूँ फसल की एमएसपी खरीद पर तारीख पर तारीख से किसान बेहद हैरान, परेशान है। मध्यप्रदेश भाजपा सरकार के ‘तुगलकी’ फरमान से उत्पीड़ित है। मेहनतकश किसान ‘चोर-दरवाजे’ से MSP पर गेहूँ – न खरीदने की भाजपाई केंद्र,राज्य सरकारों की साजिश लग रही किसान वर्ग के लिए। पेचीदगी, अड़ंगे, प्रक्रियागत बाधा पैदा करते जाओ-खरीद टारगेट घटाओ-उठान रुकवाओ-स्टोरेज खत्म करवाओ – यही है भाजपाई केंद्र राज्य सरकारों का कुचक्र षडयंत्र । प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने कहा कि खेती-विरोधी तीन काले कानून मजबूरन वापस लेने के बाद, अब केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकारें हर रोज पीछे दरवाजे से विभिन्न तरीकों से फसलों की MSP खत्म करने की साजिश कर रही हैं।
नर्मदापुरम जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी ने कहा कि किसान विरोधी मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों को पूरी तरह से बेसहारा छोड़ दिया है। आज जब किसान की फसल खलियानो पर खुले में पड़ी हुई है, तब सरकार एमएसपी पर खरीदी हेतु लगातार देरी कर रही है। पहले कहा कि 30 मार्च से खरीदी की जाएगी फिर कहा कि 1 अप्रैल से एमएसपी पर गेहूं की फसल खरीदी जाएगी और अभी हाल ही में एक परिपत्र जारी किया की खरीदी अब 10 अप्रैल एवं 15 अप्रैल से की जाएगी। आज जब मौसम विभाग लगातार चेतावनी जारी कर रहा है की मध्यप्रदेश में तेज हवाएं, पानी और ओले गिरने की संभावना है। किसानों के लिए यह समय पूरी तरह से लाचारी, बेबसी का है। कांग्रेस पार्टी की सरकार से मांग है की तत्काल किसानों की गेहूं की फसल एमएसपी पर खरीदे और प्रदेश के किसानों को इस विषम परिस्थिति से बाहर निकाले।

