
इटारसी / न्यास कॉलोनी स्थित कमला नेहरू स्कूल के सामने बनी पानी की टंकी लंबे समय से अव्यवस्था और लापरवाही का उदाहरण बनी हुई है। इस गंभीर विषय को लेकर अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने नगर की जल व्यवस्था पर कड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने बताया कि टंकी भरने के बाद लगातार पानी का ओवरफ्लो होना पिछले कई महीनों से जारी था, जिसकी शिकायत नागरिकों द्वारा कई बार नगर पालिका को दी गई, लेकिन प्रशासन ने इसे नजर अंदाज किया। आज वही लापरवाही एक बड़े संकट में बदल गई, जब टंकी की मोटर जल गई, जिसके कारण पूरे न्यास क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। आम नागरिकों को पीने के पानी और दैनिक उपयोग के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने कहा कि “जब समस्या पहले से ज्ञात थी, तो समय रहते समाधान क्यों नहीं किया गया? यह प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है।” उन्होंने यह भी बताया कि दोपहर 2 बजे तक भी पानी के टैंकर की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे स्पष्ट होता है कि नगर पालिका के पास किसी भी प्रकार की पूर्व योजना या आपातकालीन व्यवस्था नहीं है। उन्होंने आगे कहा: “समय रहते कार्य नहीं करना और बाद में संकट आने पर व्यवस्था बनाना, यह जनता के साथ अन्याय है। यदि पहले से ही मोटर और टंकी की नियमित जांच होती, तो आज यह स्थिति नहीं बनती।” फिलहाल मोटर को मरम्मत के लिए भेजा गया है, लेकिन जब तक स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक न्यास कॉलोनी के नागरिकों को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

