
रहटगांव / तिनका सामाजिक संस्था की शाखा रहटगांव कराटे क्लास के खिलाड़ियों द्वारा 30 मार्च 2026 को ग्राम रहटगांव में ‘जल बचाओ, जीवन बचाओ’ विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना और जल संसाधनों के सही उपयोग का संदेश देना था।
यह रैली कराटे कोच अनीश कहार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें कुल 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 25 बालक और 10 बालिकाएं शामिल थीं। बच्चों ने गांव की प्रमुख सड़कों से होते हुए हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जल संरक्षण से जुड़े नारे लगाए और ग्रामीणों को जल की बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया।
रैली के माध्यम से जल संसाधनों का संरक्षण, जल की कमी को रोकना, जल प्रदूषण पर नियंत्रण तथा वर्षा जल संचयन के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
ग्रामीणों ने बच्चों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक प्रेरणादायक प्रयास बताया।

