

टिमरनी / तिनका सामाजिक संस्था द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के सफल संचालन हेतु 29 मार्च को प्रशिक्षकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न खेलों से जुड़े प्रशिक्षकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान संस्था द्वारा प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित की गई। संस्था के सचिव मना मांडलेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 मार्च से 15 जून 2026 तक चलने वाले इस तीन माह के समर कैंप का उद्देश्य बच्चों और विशेष रूप से बालिकाओं को खेल के माध्यम से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संस्था का लक्ष्य प्रदेश के 20 जिलों में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर लगभग 2000 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना तथा 100 प्रशिक्षकों को इस अभियान से जोड़ना है। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को खेल सामग्री, प्रशिक्षण तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
बैठक में प्रशिक्षकों को कराटे मैट, पंचिंग बैग, स्पोर्ट्स किट, किट बैग सहित विभिन्न कराटे उपकरण प्रदान किए गए। साथ ही खिलाड़ियों के लिए केरम, शतरंज, फुटबॉल, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसी खेल सामग्री भी वितरित की गई। खेल सामग्री प्राप्त कर प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
संस्था अध्यक्ष रितेश तिवारी ने बताया कि शिविर में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ टी-शर्ट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि प्रशिक्षकों को ट्रैक सूट, टी-शर्ट, जूते एवं टोपी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षकों के पंजीकरण हेतु फॉर्म 1 अप्रैल तक भरे जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसआरएफ फाउंडेशन, दिल्ली एवं फिनो पेमेंट्स बैंक, मुंबई का विशेष सहयोग है ।

