



नर्मदापुरम / क्षेत्र के विख्यात नाट्य निर्देशक कर्मवीर सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम डोलरिया में 28 और 29 मार्च को कर्मवीर जनशिक्षण एवं संस्कृति समिति द्वारा आयोजित दो-दिवसीय नाट्य महोत्सव में, पहले दिन ‘रत्नावली’ और ‘नीली झील’ नाटकों का मंचन हुआ । दूसरे दिन समापन दिवस पर ‘पंच लाइट’ और ‘एविएटर’ नाटक प्रस्तुत किए। इस महोत्सव में नर्मदापुरम जिले की प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया, जिसमें डोलरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, पिपरिया, भोपाल के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुती दी । यह नाट्य महोत्सव न केवल स्थानीय कला को बढ़ावा देता है, बल्कि नर्मदापुरम की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान भी दिलाता है। कार्यक्रम के समापन के साथ, रंगमंच और कला का यह सफर एक नई ऊंचाई पर पहुंचा है, जो समाज में चेतना और समरसता का संचार करता है। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों को अभूतपूर्व उत्साह और सराहना दी।

