
इटारसी / शहर में वर्षों से निवास कर रहे घुमंतू एवं वंचित जातियों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी (गज्जू) ने एक बार फिर आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। तिवारी हाल ही में इन समुदायों के बीच पहुंचे और उनकी स्थिति का जायजा लिया। तिवारी ने बताया कि लौह पीटा, बंजारा सहित अन्य घुमंतू जातियों के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। न तो उनके पास पक्के मकान हैं और न ही पीने का स्वच्छ पानी, शौचालय, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन कागजों तक सीमित नजर आ रही हैं, क्योंकि इन जरूरतमंद परिवारों तक इनका लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये लोग इंसान नहीं हैं और क्या इन्हें सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार नहीं है। तिवारी ने प्रशासन से मांग की है कि इन परिवारों के लिए पीने के पानी की तत्काल व्यवस्था की जाए, आवास उपलब्ध कराया जाए, साथ ही शौचालय, साफ-सफाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इस संबंध में उन्होंने एक जनप्रतिनिधि से एवं नगरपालिका सी एम ओ से पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का भी निवेदन किया है। तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे कांग्रेस परिवार, कांग्रेस सेवादल और यंग ब्रिगेड के द्वारा सभी के साथ मिलकर इन वंचित लोगों के अधिकारों के लिए बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल मांग नहीं, बल्कि मानवता से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।

