
नर्मदापुरम / युग पुरुष, समाज सुधारक, समता मूलक समाज के अमर पुजारी महात्मा ज्योतिबा फुले की पावन जयंती के उपलक्ष्य में 11 अप्रैल को आयोजित होने वाले जन्मोत्सव को गरिमामय एवं ऐतिहासिक रूप देने हेतु संयुक्त माली सैनी सामाजिक कल्याण समिति नर्मदापुरम द्वारा दिनांक 29 मार्च 2026 दिन रविवार को बैठक का आयोजन किया जा रहा है। समिति के सह सचिव एवं मीडिया प्रभारी अंकित सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महत्वपूर्ण बैठक अंकुर संस्था नेहरू चौक स्थित स्थल पर सायं 6:00 बजे से प्रारंभ होगी। इस बैठक में आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियों का निर्धारण तथा समाज के व्यापक सहयोग पर विशेष चर्चा की जाएगी। समिति को विश्वास है कि समाज के सभी जागरूक एवं समर्पित बंधुओं की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन न केवल सफल होगा, बल्कि समाज में नई चेतना, प्रेरणा एवं संगठन की सुदृढ़ भावना का संचार भी करेगा।

