

सिवनी मालवा / जल स्रोतों को स्वच्छ बनाने, जल प्रदूषण को कम करने और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश शासन द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” प्रारंभ किया गया है। गुरुवार म. प्र. जन अभियान परिषद, विकासखण्ड सिवनी मालवा द्वारा सेक्टर क्रमांक 5 के अंतर्गत चयनित नवांकुर संस्था लक्ष्मी कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में ग्राम रावन पीपल में स्थित एक प्राचीन कुएं पर श्रमदान कार्य एवं कुएं के आसपास साफ सफाई की गई। कार्यक्रम की शुरुआत जनसहभागिता से श्रमदान करते हुए प्राचीन कुएं की साफ-सफाई के साथ हुई। उपस्थित नागरिकों ने मिलकर जल स्रोत को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। संस्था की अध्यक्ष श्रीमती सुगना लोवंशी ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” एक जनभागीदारी आधारित पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य नदियों, कुओं जल स्रोतों एवं पर्यावरण का संरक्षण एवं पुनर्जीवन करना है। यह अभियान जल संकट को कम करने, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज में जल के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर केंद्रित है। परामर्शदाता श्यामा रघुवंशी द्वारा उपस्थित सभी नागरिकों को जल संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे स्वयं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी या सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यह लिया गया संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करेगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नवांकुर संस्था लक्ष्मी कल्याण समिति सेक्टर क्रमांक 05 की अध्यक्ष सुगना लोवंशी एवं सेक्टर क्रमांक 5 की मेंटर्स श्यामा रघुवंशी, बीएसडब्ल्लू प्रथम वर्ष की छात्रा पूजा, एमएसडब्ल्यू प्रथम वर्ष की छात्रा सपना रघुवंशी एवं अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

