
सिवनी मालवा / पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में भोपाल लोकायुक्त इकाई ने गुरुवार को थाना परिसर में ट्रैप कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक राजेश परते को 2,200 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार आवेदक रेवा राम प्रजापति पिता सुरेश प्रजापति, निवासी सतवासा, तहसील सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम का अपने मामा के लड़के सरवन से विवाद हो गया था। इस विवाद में सरवन ने थाना सिवनी मालवा में आवेदक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि प्रधान आरक्षक राजेश परते ने उक्त रिपोर्ट को थाने स्तर पर ही समाप्त करने के एवज में आवेदक से 10,000 रुपये रिश्वत की माँग की और लगातार दबाव बनाता रहा।
परेशान होकर आवेदक ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल दुर्गेश राठौर को शिकायत दी। सत्यापन के बाद 26 मार्च को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को आवेदक से 2,200 रुपये लेते हुए थाना परिसर में पकड़ लिया।
ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम मर्सकोले, प्रधान आरक्षक मुकेश पटैल, आरक्षक मनोज मांझी, चैतन्य प्रताप सिंह, विनोद मालवीय, गौरव साहू, रविंद्र एवं यशवंत पटेल शामिल रहे।

