
नर्मदापुरम / वुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने जनहित से जुड़ी तीन प्रमुख समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर एवं फोन द्वारा संपर्क कर अवगत कराया । पत्र में लिखित समस्याओं के मुख्य बिंदु में प्रमुख रूप से….
(1) पुराने संपत्ति कर पर 50% की छूट को स्थाई रूप से जारी रखा जाए एवं 31 मार्च के बाद डबल टैक्स और भारी जुर्माना के प्रावधान को तुरंत वापस लिया जाए इसके साथ ही टैक्स जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर विसंगतियों को दूर किया जाए।
(2) वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई आर्थिक मंदी एवं इटारसी में लगातार घटते व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए नगर पालिका के मालिकाना हक वाली दुकानों की किराया वृद्धि संबंधी निर्णय व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। इससे छोटे एवं मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अतः नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा नगर पालिका के मालिकाना हक वाली दुकानों में किराया वृद्धि संबंधी निर्णय को वापस लिया जाए ।
(3) शासकीय कर्मचारी एवं शिक्षकों द्वारा राजनीतिक मंचों पर भाग लेना शासकीय सेवा नियमों एवं आचार संहिता के विरुद्ध है ।क्योंकि शासकीय कर्मचारी को किसी भी राजनीतिक गतिविधि में सक्रिय रूप से भाग लेने की अनुमति नहीं है । अतः शासकीय कर्मचारी एवं शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। उपरोक्त समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर ने जिला अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय को नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया । यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

