

नर्मदापुरम / शासकीय गृह विज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर की 58 छात्राओं को “कृषि उदय एक्सपो-2026” के शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत केंद्रीय कृषि यंत्र प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान बुदनी (जिला सीहोर) का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर आयोजित कृषि प्रदर्शनी में छात्राओं ने आधुनिक कृषि यंत्रों एवं तकनीकों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के ट्रैक्टर, कल्टीवेटर, बीज रोपण मशीनें, तेल निकालने वाली मशीनें तथा ड्रोन तकनीक सहित अनेक उन्नत कृषि उपकरण प्रदर्शित किए गए थे। छात्राओं ने इन यंत्रों के लाइव डेमोंस्ट्रेशन को देखा एवं उनकी कार्यप्रणाली को समझा। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कृषि यंत्रीकरण, प्रिसिजन फार्मिंग एवं आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्राओं को व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्राप्त हुआ। साथ ही उन्हें सतत कृषि के महत्व से भी अवगत कराया गया, जिससे उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास हुआ। यह संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती डॉ कामिनी जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस शैक्षणिक भ्रमण में महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री शैलेन्द्र तिवारी, अजय तिवारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी पूजा गोस्वामी उपस्थित रहीं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई एवं यह शैक्षणिक भ्रमण उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

