

सिवनी मालवा / शहर के गांधी चौक स्थित श्री सियाराम महावीर मंदिर में श्री रामजानकी दरबार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आज अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन सुबह से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा वातावरण राममय हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत कलश यात्रा के साथ हुई, जो मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर सिवनी मालवा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन के साथ यात्रा में भाग लिया, वहीं श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान करते नजर आए। इसके पश्चात पंचांग पूजन एवं गृह स्थापना जैसे धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न कराए गए।
इस पावन अवसर पर आचार्य पंडित मोहनबाबू शास्त्री के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी धार्मिक क्रियाएं सम्पन्न हुईं। सिवनी मालवा के श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया।
आयोजन समिति के अनुसार यह पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 27 मार्च तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा, जिसमें हवन, जलाधिवास, शोभायात्रा, महाअभिषेक और प्राण प्रतिष्ठा जैसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। अंतिम दिन श्री राम जन्मोत्सव, महाआरती एवं प्रसादी का आयोजन होगा।
सिवनी मालवा के धर्मप्रेमी नागरिकों और रामभक्तों ने इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। पहले दिन की सफलता ने आगामी दिनों के लिए उत्साह को और बढ़ा दिया है, जिससे पूरे सिवनी मालवा में धार्मिक माहौल बना हुआ है।

