
इटारसी / 23 मार्च शहीद दिवस के अवसर पर यूथ कांग्रेस द्वारा Indo-US Trade Deal के विरोध में शहर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम शाम 6 बजे जयस्तंभ चौक से प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, युवक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके बलिदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। आज उनके शहादत दिवस पर हम सभी को उनके विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए अन्याय एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा की जा रही नीतियां देश के किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम जनता के हित में नहीं हैं, जिसके विरोध में कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।
युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुफरान अंसारी ने कहा कि युवा देश की ताकत है और जब भी देश के हितों पर आंच आएगी, युवक कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि अन्यायपूर्ण Indo-US Trade Deal देश के छोटे व्यापारियों और युवाओं के भविष्य पर प्रभाव डाल सकती है, इसलिए इसका विरोध करना जरूरी है।
नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी के अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा शहीदों के आदर्शों पर चलकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान है, लेकिन कांग्रेस पार्टी आमजन के साथ खड़ी है और आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
इस दौरान युवक कांग्रेस महासचिव मोहम्मद कादिर लक्की ने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जनविरोधी नीतियों का विरोध करना होगा। वहीं युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष गौतम मैना ने कहा कि मशाल जुलूस शहीदों के प्रति सम्मान और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का प्रतीक है, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके पश्चात मशाल जुलूस जयस्तंभ चौक से प्रारंभ होकर RMS चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने से निकला और पुनः जयस्तंभ चौक पर आकर समाप्त हुआ। रैली के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मशाल, कांग्रेस के झंडे एवं पोस्टर लेकर चल रहे थे। पोस्टरों पर भाजपा सरकार के विरोध में नारे लिखे हुए थे।
पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने “मोदी सरकार मुर्दाबाद”, “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद”, “राहुल गांधी जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए। जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठजन, युवक कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षदगण, विभिन्न संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

