
सिवनी मालवा / अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनपद पंचायत, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों से चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और प्रशासन को नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजय राय, जनपद पंचायत सीईओ श्रुति चौधरी, थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर सहित महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही भाजपा नेता संतोष पारीक और रघुवीर सिंह राजपूत भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

