
इटारसी / शहर के गांधी ग्राउंड के पास एक तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। शनिवार दोपहर मेजर ध्यानचंद चौराहे के पास एक अनियंत्रित कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक और उनके साथ बैठी एक मजदूर बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल होकर पास के नाले में जा गिरे।
हादसे के बाद मानवता शर्मसार……
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर घिसटती हुई नाले में समा गई। हादसे के बाद कार से करीब 25 वर्षीय एक युवती उतरी, लेकिन उसने घायलों की मदद करने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने जब युवती को रोकने की कोशिश की, तो वह मौके से कार लेकर फरार हो गई।
पीड़ितों का विवरण….
बाइक चालक की पहचान दीपक बिल्लोरे (निवासी: वैशाली नगर) के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। उनके साथ बैठी बुजुर्ग महिला, जो अत्यंत साधारण परिवार से हैं और मेहनत-मजदूरी का काम करती हैं, उनके कंधे पर गंभीर चोट आई है। घटना उस वक्त हुई जब दोनों अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे।
मुख्य तथ्य….
* घटना स्थल: फ्रेंड्स चर्च के पास, मेजर ध्यानचंद चौराहा।
* वाहन नंबर: पीड़ित की बाइक (MP04 VE 0229) और आरोपी की कार (MP05 ZJ 2045, टाटा कंपनी)।
* नुकसान: गरीब पीड़ित की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, जो उनकी आजीविका का साधन थे।
पुलिस कार्रवाई की मांग….
पीड़ित दीपक बिल्लोरे ने नगर थाना इटारसी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज और कार नंबर के आधार पर युवती के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके हुए भारी आर्थिक नुकसान की भरपाई करवाई जाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

