
सिवनी मालवा / शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित शिक्षक कॉलोनी में नाली निकासी की गंभीर समस्या को लेकर पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित द्वारा पहल की गई। उन्होंने शिक्षक कॉलोनी में नाली निर्माण के लिए तवा कॉलोनी से मार्ग उपलब्ध कराने एवं नाली निर्माण की अनुमति प्रदान करने हेतु कार्यपालन यंत्री तवा नहर संभाग को ज्ञापन दिया।
दीपक दीक्षित ने बताया कि शिक्षक कॉलोनी में नाली निकासी के लिए कहीं भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण शिक्षक कॉलोनी में नाली नहीं हैं। परिणामस्वरूप घरों से निकलने वाला गंदा पानी आस पास के खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है, जिससे आसपास बदबू फैल रही है और वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि जमा हो रहे इस गंदे पानी के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। ज्ञापन लेते समय कार्यपालन उपयंत्री श्रीमति राज्यश्री कटारे ने सब इंजीनियर बृजेंद्र पाठक को बुलाकर संबंधित नाली स्थल की जांच कर निराकरण की बात कही।

