
नर्मदापुरम / पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा द्वारा लगातार प्राप्त हो रही मोबाईल गुम की शिकायतों को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं सायबर सेल को मोबाइल चोर गिरोहों पर नकेल कसने तथा गुमशुदा मोबाइल फोन की त्वरित बरामदगी हेतु विशेष निर्देश दिए गए थे। जिसके परिप्रेक्ष्य में, जिला सायबर सेल एवं थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों को CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज किया गया। नर्मदापुरम पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए विगत 6 माह के अथक प्रयासों से कुल 139 मोबाइल हैंडसेट बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे गए। सायबर सेल की तकनीकी सहायता और जमीनी स्तर पर थानों की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न नामचीन कंपनियों वीवो (Vivo), सैमसंग (Samsung), शाओमी (Xiaomi), वनप्लस (OnePlus) एवं आईफोन (iPhone) जैसे कीमती हैंडसेट के कुल 139 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20,28,000 रुपये (बीस लाख अट्ठाइस हजार रुपये) है। जांच में पाया गया कि अधिकांश मोबाइल शहर के मुख्य बाजारों, सब्जी मंडी, मेलों और अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों से गुम हुए थे। फरियादियों द्वारा इन घटनाओं की शिकायत संबंधित थानों और जिला सायबर सेल में दर्ज कराई गई थी। सायबर टीम ने तकनीकी लोकेशन और डेटा ट्रैकिंग के माध्यम से इन मोबाइलों को ट्रैक किया और सफलतापूर्वक ढूंढ़ निकाला। फरियादियों ने नर्मदापुरम पुलिस की इस कार्यप्रणाली और तत्परता की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया। इस कार्यवाही से आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा का भाव और अधिक सुदृढ़ हुआ है। उक्त संपूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन के निर्देशन एवं जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। इसमें सायबर सेल की टीम और थाना स्तर पर गठित विशेष टीमों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर सेल टीम को पुलिस द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।

