इटारसी / शहर के न्यास कॉलोनी क्षेत्र में इन दिनों पानी की पाइपलाइन लीकेज की समस्या लगातार सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार कमला नेहरू स्कूल के सामने मुख्य जल प्रदाय पाइपलाइन से पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में परेशानी का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले चार दिनों में यह पाइपलाइन लीकेज की छठी घटना है, जिससे साफ जाहिर होता है कि क्षेत्र की पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। लगातार पानी बहने से न केवल सड़क खराब होने का खतरा है बल्कि गर्मी के मौसम में पानी की बर्बादी भी एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। रहवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी नगर पालिका को पहले भी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। पानी सड़क पर बहने के कारण कीचड़ और गंदगी भी फैल रही है, जिससे आम नागरिकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि नगर पालिका को तुरंत इस पाइपलाइन की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि पानी की बर्बादी और लोगों की परेशानी को रोका जा सके।

