
सिवनी मालवा / नगर में इन दिनों गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर आमजन परेशान है। इसी बीच खाद्य विभाग ने सख्ती दिखाते हुए होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की, जिसमें कुल 8 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस कार्रवाई से अवैध रूप से घरेलू गैस के उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी विनय सैनी के नेतृत्व में यह जांच अभियान चलाया गया। शासन के निर्देशानुसार टीम ने नगर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर होटल, ढाबों और दुकानों की जांच की। इस दौरान भिलट देव मंदिर के पास स्थित श्याम रेस्टोरेंट से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनका उपयोग व्यावसायिक कार्य में किया जा रहा था।
वहीं, सांवरिया सेठ टी स्टाल से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि घरेलू उपयोग के लिए दिए जाने वाले सिलेंडर का उपयोग चाय-नाश्ते के व्यवसाय में किया जा रहा था, जो कि नियमों के विरुद्ध है। वही कलश रिसोर्ट से 5 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जांच के दौरान संचालक द्वारा इन सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते विभाग ने उन्हें तत्काल जब्त कर लिया।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी विनय सैनी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जा सकता है। इसका व्यावसायिक उपयोग करना गैस नियंत्रण नियमों का उल्लंघन है। साथ ही, बिना दस्तावेज के कमर्शियल सिलेंडर रखना भी अवैध है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में गैस की किल्लत को देखते हुए इस प्रकार की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ होटल और व्यवसायिक प्रतिष्ठान घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे थे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर जुर्माना एवं अन्य कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।

