
सिवनी मालवा / शासकीय कन्या महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण हेतु परीक्षा समय पर तनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर आधारित मनोबल सत्र का आयोजन महाविद्यालय में ऑनलाइन सत्रों के माध्यम से किया गया। यह सत्र 13 ,14 ,16 एवं 17 मार्च 2026 को प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित किए गए। महाविद्यालय में आयोजित मनोबल सत्र के दौरान महाविद्यालय प्राचार्य डॉ उमेश कुमार धुर्वे, समस्त शिक्षक गण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही। कार्यक्रम के प्रथम दिवस डॉ तन्मय जोशी (अखिल भारतीय चिकित्सा संस्थान) ने परीक्षा के पूर्व मनोवैज्ञानिक तनाव को कम करने एवं स्मृति आधारित अध्ययन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं से सभी को अवगत कराया। द्वितीय दिवस के सत्र में मुंबई पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संघर्ष, लक्ष्य एवं तनाव के बीच तालमेल को, स्वयं के जीवन में आईं कठिनाइयों का उदाहरण देकर छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि संघर्ष के दिनों की स्मृतियां हमारी श्रेष्ठ पूंजी होती हैं जो जीवन भर हमें प्रेरित करती रहती है इसलिए इन्हें संजोकर रखें और संघर्ष से घबराएं नहीं। तृतीय दिवस का सत्र एकाग्रता बढ़ाने में ध्यान और योग के महत्व पर आधारित ध्यान सत्र था जिसमें ध्यान की मुद्राएं एवं प्रक्रिया को विस्तार से श्री सत्य साइन सेवा समिति से की ओर से समझाया गया। अंतिम दिवस के व्याख्यान में सामाजिक तनाव और भावनात्मक पहलुओं पर आधारित तालमेल को जीवन में अपनाने के गुण की व्याख्या की गई जिससे छात्र-छात्राएं परीक्षा के समय निजी जीवन में होने वाले तनाव से मुक्त रहें। संपूर्ण चार दिवस का कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग भोपाल द्वारा गठित समिति के अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने कार्यक्रम को छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. मनीष दीक्षित ने इस अवसर पर छात्राओं को कार्यक्रम में सुझाए गए उपयोगी दिशा निर्देशों को पालन कर सतत मेहनत से अपने परिवार एवं देश का मान बढ़ाने का प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक गणों छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

