
पिपरिया / नगर के गांधी वार्ड पाली रोड स्थित अर्धनारीश्वर महादेव मंदिर में मांगलिक कार्यक्रम विवाह समारोह आयोजित किया गया। जिसमें ग्राम हनोतियां तहसील बनखेड़ी निवासी कंछेदी लाल के सुपुत्र चि. आशीष एवं पिपरिया निवासी कन्हैया आरसे की सुपुत्री सौभाग्य कांक्षी बिटिया तुलसी का निशुल्क विवाह अर्धनारीश्वर महादेव मंदिर में हिन्दू रीति रिवाज एवं विधि विधान परंपरा अनुसार वैदिक विधि विधान से विक्रम संवत 2082 चैञ मास कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि को मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा, पंडित गोपाल कृष्ण तिवारी, आचार्य नितिन मिश्रा की उपस्थिति में शुभ लग्नबेला गोधूलि में विवाह समारोह संपन्न कराया । इस विवाह समारोह में कन्या को घर गृहस्थी का समान उपहार स्वरूप देकर विदा किया गया जिसमें वरवधू के परिजनों के अलावा स्वजातीय बंधुओं, स्नेही स्वजनों, वार्डवासियों ने उपस्थित रहकर आशीर्वाद दिया एवं सुखी वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी । इस दंपती को मंदिर में प्रथम विवाह होने का गौरव प्राप्त हुआ । इस कार्यक्रम का आयोजन वार्ड के नायक परिवार द्वारा किया गया। जिसमें मंदिर से जुड़े सेवाभावी उत्साही युवकों का सराहनीय योगदान रहा। इस सफल कार्यक्रम को देखते हुए आगामी वर्ष में और भी सामूहिक विवाह होने की संभावना है।

