
नर्मदापुरम / जब भी जिले में नए पुलिस कप्तान की आमद होती है तो उसके कुछ दिनों बाद कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए वह फेरबदल अवश्य करते हैं, अभी हाल में ही पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा ने जिले के थानों में बदलाव किए हैं। जिले की कानून व्यवस्था को नई धार देने के लिए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने कमर कस ली है। वर्षों से एक ही थाने में जमे पुलिस कर्मियों के खिलाफ शुरू हुई यह मुहिम अब बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रही है। सूत्रों की मानें तो जिले के कई थानों में जल्द ही नए थाना प्रभारी नजर आ सकते हैं, जिससे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। कई दिनों से जमे हुए पुलिसकर्मियों की रवानगी का भी एसपी ने सख्त संदेश दिया है। पूर्व एसपी गुरुकरण सिंह द्वारा शुरू की गई तबादला प्रक्रिया को वर्तमान एसपी साईं कृष्णा एस थोटा ने और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया है। जिले के विभिन्न थानों में लंबे समय से पदस्थ पुलिसकर्मियों को इधर-उधर करने के साथ ही कई को कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन का रास्ता दिखाया गया है। एसपी की इस कार्रवाई का सीधा उद्देश्य पुलिसिंग में पारदर्शिता लाना और स्थानीय स्तर पर बने पुराने नेटवर्क को तोड़ना है।
सुर्खियों में कंचन सिंह ठाकुर , मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी…..
इस पूरे फेरबदल के बीच नर्मदापुरम कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। उनके कार्यकाल को लेकर मिल रही सकारात्मक रिपोर्ट्स ने उन्हें इस बदलाव का केंद्र बना दिया है। महिला सुरक्षा में मिसाल कंचन ठाकुर ने अपने कार्यकाल में महिला अपराधों पर अंकुश लगाने और ‘महिला उत्थान’ के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सूत्रों के अनुसार, उनके बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें जिले के महिला सेल की कमान सौंपी जा सकती है या फिर इटारसी जैसे महत्वपूर्ण और रणनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र का जिम्मा दिया जा सकता है।
इन थानों में भी परिवर्तन की आहट
जिले के प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि बाबई, सोहागपुर, सिवनी मालवा, पिपरिया और इटारसी सहित नर्मदापुरम के दोनों थानों में जल्द ही बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। सूत्रों का कहना है कि एसपी थोटा जल्द ही नई सूची जारी कर सकते हैं, जिसमें कार्यक्षमता के आधार पर अधिकारियों को नई पदस्थापना दी जाएगी। एसपी साईं कृष्णा एस थोटा की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि जिले में केवल ‘परफॉरमेंस’ ही टिकने का आधार होगी। अब देखना यह है कि कंचन सिंह ठाकुर को विभाग किस नई और बड़ी भूमिका में नवाजता है।
पुलिस विभाग में हुए 72 अधिकारी कर्मचारियों के तबादले, बीते दिन देर रात जारी हुए आदेश…
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा ने प्रशासनिक दृष्टिकोण के चलते अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक पुलिस कर्मियों के तबादले किए गए हैं। इसमें थानों से पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को रक्षित केंद्र भेजा है और रक्षित केंद्र से थाने में ट्रांसफर किए गए हैं। इसमें एसआई, एएसआई और हैड कांस्टेबल शामिल हैं । कई पुलिस कर्मचारियों को यातायात थाने में भी भेजा गया है।

