
इटारसी / वित्तीय वर्ष के अंतिम माह मार्च को देखते हुए विद्युत विभाग ने बकाया वसूली के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया है। विभाग द्वारा बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया गया है, उनके बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से विच्छेदित किए जा रहे हैं। इसके लिए विभाग की टीमों को प्रतिदिन लक्ष्य दिया गया है और वे विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कनेक्शन काटे जाने के बाद पुनः विद्युत आपूर्ति शुरू कराने के लिए उपभोक्ता को पूरा बकाया, विलंब शुल्क तथा पुनः संयोजन शुल्क जमा करना होगा। विभाग ने बताया कि यह सघन अभियान 30 मार्च तक लगातार चलाया जाएगा। इसलिए उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे कार्रवाई से बचने के लिए शीघ्र अपना बकाया बिल जमा कर दें।

