
नर्मदापुरम / जिला नर्मदापुरम में आम नागरिकों के लिए एक सुखद और संतोषजनक स्थिति बनी हुई है। जिले के सभी नगरों और ग्रामीण अंचलों में डीजल, पेट्रोल तथा घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह व्यवस्थित और निर्बाध रूप से जारी है। आवश्यक ईंधन और रसोई गैस की उपलब्धता सामान्य रहने से नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
जिला प्रशासन की सतत निगरानी और सजग व्यवस्था के कारण कहीं भी किसी प्रकार की कमी या अव्यवस्था की स्थिति सामने नहीं आई है। विशेष रूप से जिलाधिकारी सोनिया मीना के संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व की जिले भर में सराहना की जा रही है। उनकी स्पष्ट प्राथमिकता यह है कि आमजन को दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल अथवा रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति या घर तक पहुंचाने में किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न होती है तो नागरिक तत्काल जिला आपूर्ति अधिकारी तथा उनकी टीम को सूचित करें, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाहों से सतर्क रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। जिले में ईंधन और रसोई गैस की व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन जनसुविधा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सक्रिय बना हुआ है ।

