
सिवनी मालवा / एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रमएक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रस्फुटन समितियों को समाज कार्य की नई जानकारी मिली। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर योजना के अंतर्गत चयनित संस्था जनसेवा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्था, सेक्टर क्रमांक 01 द्वारा “प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान” के तहत ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ज्ञान गंगा पब्लिक हाई स्कूल, बानापुरा में किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समितियों द्वारा ग्राम स्तर पर जनजागरण और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की परिकल्पना, परिषद की विभिन्न योजनाओं, जल गंगा संवर्धन अभियान तथा आदर्श ग्राम की अवधारणा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने किसानों को नरवाई न जलाने के लिए जागरूक करने हेतु प्रस्फुटन समिति के सदस्यों से विशेष आग्रह किया। कार्यक्रम में शाला प्राचार्य श्रीमती चंचल शास्त्री ने समाज में बालिकाओं एवं महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने, महिला सशक्तिकरण तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देने के विषय में अपने विचार रखे तथा समितियों से इन विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया। परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने प्रस्फुटन समितियों के उद्देश्य, समाज एवं गांव के विकास के लिए किए जाने वाले कार्य, समितियों के दस्तावेजीकरण, नर्सरी निर्माण तथा ग्राम सूचना बोर्ड, बैनर आदि विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके साथ ही जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को ग्राम एवं नगर स्तर पर आगे बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। नवांकुर संस्था के अध्यक्ष गुलशन कुमार कावड़े ने परिषद द्वारा संचालित योजनाओं के साथ-साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता , जैविक खेती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देते हुए समितियों से समाज विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं नवांकुर सखियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन शाला संचालक शरद शास्त्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रस्फुटन समितियों से महेश लौवंशी, संतोष लौवंशी, अमर गार्गव, अमर सिंह, राहुल बाथव, दीपक यादव, निशा मोहनिया, संगीता, आदर्श सोनी, सोनाली साध, प्रतीक्षा साध, दयाराम यादव, राजकुमार यादव, सुनील यादव सहित अन्य सदस्य एवं नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं।

