

इटारसी / रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में नगर कांग्रेस ने मंगलवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने स्थित पेट्रोल पंप से एक रैली निकाली, जो शहर के जयस्तंभ चौक तक पहुँची। जयस्तंभ चौक पर कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर, कंडे, लकड़ी का गठ्ठा और चूल्हा रखकर प्रतीकात्मक रूप से चूल्हा जलाया और उसी पर चाय बनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “नरेंद्र मोदी सरेंडर” और भाजपा विरोधी नारे भी लगाए।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पाण्डेय ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और रसोई गैस के दाम आम जनता की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि पहले गैस सिलेंडर आम आदमी की रसोई का सहारा था, लेकिन अब उसकी कीमत इतनी बढ़ गई है कि कई परिवारों को मजबूर होकर फिर से लकड़ी और कंडों के चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर महंगाई के खिलाफ लगातार आंदोलन करती रहेगी। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुफरान अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के समय महंगाई कम करने के कई वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति इसके उलट है। उन्होंने कहा कि महंगाई से सबसे ज्यादा प्रभावित युवा और आम परिवार हो रहे हैं, इसलिए कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जनता के हक की लड़ाई लड़ रही है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नीलम गांधी ने कहा कि रसोई गैस के दाम बढ़ने से महिलाओं की रसोई का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर के दाम कम करने की मांग करते हुए कहा कि महंगाई से राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।शिवाकांत गुड्डन पांडे, ओम सेन, नीलम गांधी, बाबू चौधरी, पंकज राठौर, केलु उपाध्याय, नरेश चौहान, योगेश त्रिवेदी, गुफरान अंसारी, मुन्ना सिद्दीकी, अनिल सोनकिया, पक्कू, सतीश पाराशर, वीरू अग्रवाल, राजेन्द्र गोस्वामी, चंदू दुबे, पिंकी शर्मा, मनीष सोनी, हरीश अग्रवाल, शरद बामने, राम शंकर, सोनू बकोरिया, अमल सरकार, संजय धर, देवी मालवीय, डी के मासाब, राहुल दुबे, अतुल तिवारी, लच्छू भैया, भारत राजपूत, अमित परदेसी, अमल सरकार, कृष्णा चौधरी, शेख फारूक, शेख जावेद, प्रवीण गांधी, बाला यादव, लक्की, नरेंद्र वर्मा, राजू चौरे, इमरान खान, दिलीप गोस्वामी, ओमप्रकाश साकल्ले, पप्पू करोसिया, आकाश कुशराम, सनी सोनी, सुदेश बामने, अनूप गाचले, सुरेन्द्र सोनी, युनुस पठान आदि कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

