नर्मदापुरम / शासकीय गृह विज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा चचाने तथा पूजा गोस्वामी के सहयोग से बाल मजदूरी एवं बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर सतरस्ते पर छात्राओं द्वारा बाल मजदूरी एवं बाल श्रम विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। नाटक के माध्यम से छात्राओं ने समाज में बाल श्रम की समस्या को उजागर करते हुए लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। साथ ही आमजन को यह भी बताया गया कि यदि कहीं कोई बच्चा मजदूरी करते हुए दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि संबंधित विभाग द्वारा बच्चों को सुरक्षित वातावरण और शिक्षा से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया तथा यह संदेश दिया गया कि बाल श्रम को रोकना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उपस्थित नागरिकों ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना की और इसे एक सराहनीय पहल बताया। नुक्कड़ नाटक में करिश्मा यादव, नंदनी यादव, महक अहिरवार, रवीना दुबे, निर्मला राजपूत, उमा, कंचन, सानिया सोलंकी, संजना, सिद्ध, कीर्ति, सलोनी मालवी एवं तनुश्री तिलवाड़िया ने सहभागिता प्रदान की।

