
नर्मदापुरम / स्थानीय केंपियन स्कूल माखन नगर रोड परिसर में रविवार को तेली साहू राठौर समाज, नर्मदापुरम द्वारा भव्य ‘होली स्नेह मिलन समारोह’ अत्यंत उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु सपरिवार सम्मिलित हुए, जहाँ आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। समारोह की शुरुआत आराध्य देवी मां कर्मा एव दुर्गा दास राठौर के चित्र पर गुलाल अर्पण के साथ हुई। समाज के लोगों ने इस अवसर पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए सभी का परस्पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “ऐसे आयोजन समाज की एकता का आधार हैं और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ते हैं।” कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में समाज की वरिष्ठ महिलाओं का सम्मान किया गया, जिन्होंने सामाजिक विकास पर अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए।
स्नेह मिलन के दौरान उपस्थित समस्त सामाजिक जनों की सर्वसम्मति से आगामी 15 मार्च को ‘भक्त माता कर्मा जयंती’ के भव्य आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। सभी बंधुओं ने उत्साहपूर्वक इस महोत्सव को गौरवशाली ढंग से मनाने का संकल्प लिया, जिसमें सामाजिक शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विशेष चर्चा हुई। समारोह में उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे को ‘गुलाल तिलक’ लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों और युवाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। इस दौरान स्वल्पाहार और आत्मीय चर्चाओं के बीच सामाजिक एकजुटता पर बल दिया गया। आयोजक मंडल, कैम्पियन स्कूल संचालक और समस्त साहू समाज, नर्मदापुरम ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

