
सिवनी मालवा / रंगों के पावन पर्व रंगपंचमी के अवसर पर रामफेरी मंडल के सदस्यों द्वारा घर-घर जाकर पारंपरिक फाग उत्सव मनाया गया। इस दौरान मंडल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक फाग गीत गाए तथा एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में रामफेरी मंडल के सदस्य पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित के निवास पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने पारंपरिक फाग गीतों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने रामफेरी मंडल के सदस्यों का स्वागत करते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। फाग उत्सव केवल रंगों का ही पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक भी है।
रामफेरी मंडल के सदस्य ब्रज लोवंशी और विष्णु लोवंशी ने बताया कि मंडल द्वारा वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए प्रतिवर्ष रंगपंचमी के अवसर पर फाग उत्सव मनाया जाता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारा, प्रेम और धार्मिक संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर रामफेरी मंडल के सदस्य ब्रज लोवंशी, विष्णु लोवंशी, चैन सिंह इरपाचे, विष्णु मालवीय, रामकृष्ण लोवंशी, रमेशचंद्र पाटिल, विनोद कुशवाहा, गगन गौर, रामविलास लोवंशी, विनोद चौहान रामवतार लोवंशी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने फाग उत्सव में सहभागिता कर पारंपरिक तरीके से पर्व को उल्लासपूर्वक मनाया।

