
नर्मदापुरम / ग्वालियर / प्रथम अपर सत्र न्यायालय (श्रीमती ज्योति राजपूत) डबरा द्वारा आरोपीगण जसपाल उर्फ बिल्लो सरदार, सत्तार शाह, धर्मेन्द्र उर्फ धम्मू करन, शिवम जोशी एवं मोहित यादव निवासीगण- जवाहर कालोनी, डबरा को हत्या के आरोप में दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास एवं प्रत्येक आरोपी को 13,000 रू. के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। घटना इस प्रकार है कि फरियादी इंदर सिंह बघेल निवासी जवाहर कालोनी डबरा ने थाना डबरा में रिपोर्ट की, कि दिनांक 14-12-2022 को रात्रि करीब 19:45 बजे की बात है मैं तथा मेरा छोटा लड़का प्रशांत बघेल मोर्य मार्बल हाउस के सामने सडक पर खडा था, तभी जसपाल उर्फ बिल्लो सरदार 315 बोर की अधिया एवं सत्तार शाह 315 बोर का कट्टा एवं धर्मेन्द्र उर्फ धम्मू करण 12 बोर बंदूक एवं शिवम जोशी 315 बोर का कट्टा तथा मोहित यादव 315 बोर का कट्टा लेकर आये और पुरानी रंजिश को लेकर जसपाल उर्फ बिल्लो सरदार प्रशांत से माँ की गाली देकर बोला गडरिया वाले तेरे दिमाग बहुत खराब हो गये हैं, आज तेरे को निबटा देते हैं और जसपाल उर्फ बिल्लो ने प्रशांत को जान से मारने की नियत से फायर किया जो उसके पेट में गोली लगी। तभी सत्तार ने 315 बोर के कट्टे से जान से मारने की नियत से फायर किया जो प्रशांत के दाहिने पैर में गोली लगी तथा धर्मेन्द्र उर्फ धम्मू ने जान से मारने की नियत से 12 बोर की गोली मारी जो प्रशांत के बाये पैर में लगी तथा शिवम जोशी व मोहित यादव ने कट्टे से फायर किये तभी मैं, हितेश पाल व रवि बघेल बचाने आये तो यह लोग भाग गये। इन लोगों द्वारा फायरिंग करते समय एक राहगीर को भी गोली लग गई है। मैं अपने लडके प्रशांत को घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल डबरा लेकर आया जहां पर उसे डाक्टर साहब ने चैक कर मृत घोषित कर दिया। उक्त रिपोर्ट पर से थाना डबरा शहर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना उपरांत अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। अभियोजन द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य एवं अभियोजन के तर्कों से सहमत होते हुए माननीय न्यायालय द्वारा अभियुक्त जसपाल उर्फ बिल्लो सरदार, सत्तार शाह, धर्मेन्द्र उर्फ धम्मू करन, शिवम जोशी एवं मोहित यादव निवासीगण- जवाहर कालोनी, डबरा को हत्या के आरोप में दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास एवं प्रत्येक आरोपी को 13,000 रू. के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। उक्त मामले की पैरवी अंगराज सिंह कुशवाह विशेष लोक अभियोजक/एडीपीओ डबरा द्वारा की गयी।

