

नर्मदापुरम / शासकीय गृह विज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की दो स्वयंसेवक सुलोचना अहाकेे इकाई 1 एवं सलोनी दुबे इकाई 2 का चयन जिला संगठक डॉ. दिग्विजय सिंह खत्री के मार्गदर्शन में चयन समिति द्वारा मापदंडों के अनुसार राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ। यह शिविर दिनांक 8 मार्च से 14 मार्च 2026 तक चित्रकूट में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा की संगठन व्यवस्था में आयोजित किया जा रहा है। शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक सेवा तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। चयनित छात्राएँ शिविर के दौरान विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों, समूह चर्चाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगी। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने इस उपलब्धि पर छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा चचाने एवं सुश्री पूजा गोस्वामी एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि वे शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगी।

