
सिवनी मालवा / क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर सदैव मुखर रहने वाले वार्ड क्रमांक 10 के जनपद पंचायत सदस्य शेर सिंह दरबार के प्रयासों के बाद आखिरकार विद्युत विभाग ने धर्मकुंडी बस स्टैंड पर वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी एल. टी. केबल को बदलने का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
20 साल पुरानी समस्या से मिलेगी मुक्ति……
उल्लेखनीय है कि धर्मकुंडी बस स्टैंड पर लगी बिजली की केबल लगभग 20 वर्ष पुरानी थी और पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। आए दिन तारों से चिंगारियां निकलने और केबल टूटने के कारण यहाँ हमेशा किसी बड़े हादसे का डर बना रहता था। स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों की इस समस्या को देखते हुए जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार पिछले लंबे समय से विभाग और शासन स्तर पर संघर्ष कर रहे थे।
पीएमओ और सीएम हेल्पलाइन तक की थी शिकायत…..
श्री दरबार ने बताया कि उन्होंने इस समस्या के निराकरण हेतु 14 जनवरी 2026 को पीएमओ (PMO) और सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके पूर्व भी उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित में अवगत कराया था। उनकी इसी सक्रियता और निरंतर फॉलोअप का परिणाम है कि विभाग ने ₹23,810 का एस्टीमेट मंजूर कर कार्य शुरू कर दिया है।
जनता ने जताया आभार……
कार्य शुरू होने पर धर्मकुंडी के ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए श्री दरबार का आभार माना है। ग्रामीणों का कहना है कि केबल बदल जाने से अब शॉर्ट सर्किट और बिजली गुल होने की समस्या से निजात मिलेगी।
”मेरा लक्ष्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना है। बस स्टैंड पर जर्जर केबल एक गंभीर खतरा थी, जिसे आज बदला जा रहा है। विकास के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”
शेर सिंह दरबार, जनपद पंचायत सदस्य।

