



नर्मदापुरम / शहर के मालाखेड़ी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में होली का पावन पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और एकजुटता की मिसाल बन गया। प्रतिवर्ष की परंपरा को जीवंत रखते हुए इस वर्ष भी कॉलोनी के रहवासियों ने सामूहिक रूप से होलिका का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
एक परिवार, एक उत्सव……
जैसे ही होलिका दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ, पूरी कॉलोनी रंगों के सरोबार में डूब गई। पदाधिकारियों और रहवासियों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर पर्व की बधाई दी। इस आयोजन की सबसे खास बात यहाँ का पारिवारिक माहौल रहा, जहाँ उम्र की सीमाएं टूट गईं और हर कोई त्यौहार के आनंद में डूबा नज़र आया।
डीजे की धुन पर थिरकी कॉलोनी…..
उत्सव का उत्साह तब और बढ़ गया जब डीजे और बाजों की धुन पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ।
* नारी शक्ति का प्रदर्शन कॉलोनी की महिलाओं ने पारंपरिक और बॉलीवुड गीतों पर शानदार समूह नृत्य कर समां बांध दिया।
* बच्चों की प्रतिभा नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी डांस कला से उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
* पुरुषों की सहभागिता कॉलोनी के पुरुषों ने भी ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया और खुशियाँ साझा कीं।
परंपरा और आधुनिकता का संगम…..
कॉलोनी के पदाधिकारियों के अनुसार, यह वार्षिक आयोजन नई पीढ़ी को हमारी संस्कृति से जोड़ने का एक माध्यम है। रिवर व्यू कॉलोनी का यह ‘होली मिलन समारोह’ न केवल मनोरंजन का केंद्र रहा, बल्कि इसने समाज में सद्भाव और भाईचारे का एक अनुकरणीय संदेश भी दिया।

