
सिवनी मालवा / मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत एमएसडब्ल्यू, बीएसडब्ल्यू कक्षा का संचालन संपूर्ण मध्य प्रदेश में किया जा रहा है। समाज कार्य में रुचि रखने वाले तथा इस क्षेत्र में कैरियर की संभावना तलाश रहे विद्यार्थियों के लिए ये कोर्स लाभकारी होता है। जन अभियान परिषद मध्य प्रदेश सरकार का योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग है, जो महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, सतना के सहयोग से इस कोर्स का संचालन कर रहा है। इसके तहत सिवनी मालवा में कक्षा का संचालन प्रत्येक रविवार को शासकीय कुसुम महाविद्यालय बानापुरा में होता है।
अपने कार्य, व्यवहार और विचारों में राष्ट्र प्रथम रहे- कौशलेश प्रताप तिवारी………
परिषद के संभाग समन्वयक कौशलेश प्रताप तिवारी ने विद्यार्थियों को समाज कार्य के कोर्स की महत्ता बताई। समाज कार्यकर्ता के रूप में समाज में जिन विषयों पर कार्य किया जा सकता है उन पर विस्तार से चर्चा की। वर्तमान में समाज के सुधार एवं कल्याण हेतु जिन विषयों पर प्राथमिकता से कार्य करने की जरूरत है, उन पर मार्गदर्शन दिया। आपने कहा कि एक नागरिक की उन्नति संगठित समाज और विकसित राष्ट्र से ही संभव होती है। अतः अपने जीवन के प्रत्येक कार्य, व्यवहार एवं विचारों में राष्ट्र प्रथम की भावना होनी चाहिए। हमारा प्रयास हो कि हम समाज में संस्कार युक्त गतिविधियों का आयोजन करें, जिससे आने वाली पीढ़ी को शिक्षित एवं संस्कारित किया जा सके।
प्रयोगशाला ग्राम में गतिविधियों का करें आयोजन- पवन सहगल…….
परिषद के जिला समन्वयक पवन सहगल ने विद्यार्थियों को अपने पाठ्यक्रम के अंतर्गत चयनित प्रयोगशाला ग्राम में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया। आपने कहा कि हमारे देश की असली ताकत हमारे गांव है और इसी को ध्यान में रखते हुए आपके पाठ्यक्रम में प्रयोगशाला ग्राम का कॉन्सेप्ट जोड़ा गया है ताकि आप अपने ग्राम के आवश्यक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य करके समाज में बदलाव स्थापित करें। समाज कार्य के विद्यार्थी, परामर्शदाता, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति तथा नवांकुर संस्थाएं एक इकाई की तरह काम करके ग्राम में नियमित गतिविधि आयोजित करें।
विद्यार्थी अपने कर्तव्यों का निर्वाहन ईमानदारी से करें- हरिदास दायमा……
विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने कहा कि समाज में कार्य करने के लिए समाज कार्यकर्ता को अपने व्यक्तित्व पर कार्य करने की बहुत आवश्यकता होती है। क्योंकि हमारे द्वारा किए गए कार्यों का समाज द्वारा भी आंकलन किया जाता है। अतः विद्यार्थी अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से करें ताकि एक अच्छे समाज कार्यकर्ता के रूप में खुद को स्थापित कर सकें।
जिला समन्वयक ने की परामर्शदाताओं के कार्यों की समीक्षा……….
सिवनी मालवा विकासखंड में पांच अलग-अलग सेक्टर में पांच परामर्शदाता कार्य करते हैं। कक्षा में अध्यापन कार्य के अलावा विद्यार्थियों से नियमित संपर्क करना, पाठ्यक्रम संबंधी गतिविधियों को समय पर पूर्ण करना, विद्यार्थियों व समितियां के सहयोग से समाज में गतिविधियां आयोजित कराना परामर्शदाताओं का कार्य होता है। इनके द्वारा विगत माह में की गई कार्यों की समीक्षा जिला समन्वयक पवन सहगल ने की। आपने विद्यार्थियों तथा पाठ्यक्रम संबंधी कार्यों को समय पर पूर्ण करने की हिदायत दी। सभी अपने-अपने सेक्टर में विद्यार्थियों के सहयोग से सकारात्मक एवं परिवर्तन लाने वाली सामाजिक गतिविधियां आयोजित करें। इनमें समाज के प्रबुद्ध वर्गों, महिलाओं व युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करें। इस दौरान विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा के मार्गदर्शन में परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, रघुवीर मालवीय, सेवनदास लोवंशी, श्यामा रघुवंशी, नेहा यादव व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

