
नर्मदापुरम / जय हो समिति द्वारा संचालित माँ नर्मदा घाट स्वच्छता अभियान ने अपने सेवा संकल्प का 289वाँ सप्ताह पूर्ण किया। निरंतर 289 सप्ताह से चल रहे इस अभियान के अंतर्गत समिति के सदस्यों ने माँ नर्मदा के परमहंस घाट पर पहुंचकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान घाट परिसर से प्लास्टिक, कपड़े, पूजन सामग्री एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर उसका समुचित निष्पादन किया गया। समिति सदस्यों ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की कि वे माँ नर्मदा में किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाएँ तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। समिति के सदस्यों ने कहा कि माँ नर्मदा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उनकी स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जनजागरण का माध्यम भी बन चुका है। जय हो समिति ने नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे प्रत्येक रविवार प्रातः आयोजित होने वाले इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माँ नर्मदा की सेवा में अपना योगदान दें। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अर्पित मालवीय सहित समिति के सदस्य रमेश उपरारिया, सागर पटेल, हर्षित पाल, प्रीतम चक्रवर्ती, अनुराग वर्मा, विशाल बावरिया, जतिन यादव, गणेश यादव, कौशिक बावरिया, संजु प्रजापति उपस्थित रहे।

